जाने वाला जाएगा,आने वाला आएगा जाना आना ऐसा रिश्ता है जिसे वक्त निभाता चलता है,ठहर कोई नहीं पाता है। सन 2021 को निकलने में चार ही दिन अवशेष हैं। सभी सन 2022 का स्वागत करने को उद्यत हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नव वर्ष सबके लिए खुशियाँ लेकर आएगा। उचित ही है उम्मीदों को ही समय गति देता है।
जहाँ वर्ष 2021 कुछ अच्छी घटनाओं के लिए याद रहेगा तो वहीं कुछ ऐसी हृदयविदारक घटनाएँ भी हुईं जिसे लोग कभी नहीं विस्मृत कर पाएँगे।
वैसे तो साल 2021 की शुरुआत भी कोरोना वायरस के खतरे के साथ ही हुई और देश एक बार फिर से लॉकडाउन की तरफ बढ़ गया, परन्तु इस दौरान जो सबसे अच्छी बात हुई वो यह कि देश में इस महामारी से लड़ने के लिए वैक्सीन भी बनकर तैयार हो गई। देश की करीब आधी आबादी को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। यहाँ मैं सन् 2021 की ऐसी बड़ी घटनाओं की चर्चा करूँगी जिसे देश हमेशा याद रखेगा।
• गणतंत्र दिवस पर किसान हिंसा -:
कृषि कानूनों के खिलाफ किसान सन् 2020 से ही केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे थे। जनवरी सन् 2021 में किसानों का गुस्सा केंद्र सरकार के खिलाफ ऐसा फूटा कि उन्होंने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर मार्च निकाला। ट्रैक्टर मार्च के नाम पर किसानों ने जमकर हिंसा की। दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी इस दौरान घायल हुए। इतना ही नहीं उग्र प्रदर्शनकारियों ने लाल किले पर चढ़कर तिरंगा उतार कर वहां निसान साहिब का झंडा चढ़ा दिया। किसानों की इस हिंसा में सरकारी संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ।
• टोक्यो ओलंपिक में भारत का परचम लहराया -:
सन् 2021 जुलाई-अगस्त में आयोजित टोक्यो ओलंपिक में भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टोक्यो ओलंपिक में भारत के खिलाड़ियों ने 7 पदक हासिल किए। नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल बाद हॉकी में मेडल प्राप्त किया और महिला हॉकी टीम पहली बार सेमीफाइल तक पहुँची जो भारत के लिए किसी जश्न से कम नहीं था।
• पैंडोरा पेपर लीक -:
सन् 2021 में पैंडोरा पेपर लीक ने देश में एक बार फिर से हलचल मचा दी। इस स्कैम में 90 देशों के सैकड़ों नेताओं और जानी-मानी हस्तियों के नाम सामने आए, जिन्होंने अपना धन छुपाने के लिए बेनाम कंपनियों का इस्तेमाल किया। भारत के लिए यह खुलासा काफी बड़ा था क्योंकि पैंडोरा पेपर लीक में क्रिकेट के लीजेंड सचिन तेंदुलकर का नाम भी आया था। इस लिस्ट में 300 भारतीयों के नाम सामने आए थे।
• 100 करोड़ वैक्सीन डोज -:
इतनी बड़ी जनसंख्या वाले भारत ने अक्तूबर तक 100 करोड़ वैक्सीन डोज देने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। 100 करोड़ वैक्सीन डोज होने पर भारत के नाम बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। सिर्फ 9 महीनों में ही देश ने यह उपलब्धि हासिल की।
• CDS बिपिन रावत समेत मिलिट्री विमान क्रैश -:
सी डी एस विपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 14 का आर्मी अफसरों सहित विमान क्रैश की हृदयविदारक वर्ष का अंतिम माह अर्थात 8 दिसंबर हम भारतीयों के लिए चीत्कार कर उठने वाली खबर लेकर आया। तमिलनाडु में वायुसेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हेलीकॉप्टर क्रैश में देश के पहले CDS बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 14 सैन्य अधिकारियों को देश ने खो दिया। हेलीकॉप्टर क्रैश वाले दिन ही बिपिन रावत समेत 13 सैन्य अधिकारियों का निधन हो गया जबकि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह 8 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे लेकिन 15 दिसंबर को उनका भी निधन हो गया।
• 21 साल बाद भारत के नाम मिस यूनिवर्स का खिताब -:
13 दिसंबर सन 2021 को भारत की बेटी हरनाज कौर संधू ने मिस यूनिवर्स सन 2021 का खिताब अपने नाम किया। सुष्मिता सेन और लारा दत्ता के बाद 21 वर्षों के पश्चात हरनाज कौर संधू ने भारत को ‘मिस यूनिवर्स 2021’ का खिताब दिलाया।
देखिए समय चक्र के साथ- साथ खोने और पाने का दूसरा नाम जीवन है। जब हम किसी को अलविदा कहते हैं तो उसका तात्पर्य हैं कि अब उससे पुनः मुलाकात नहीं होगी। यह ‘अलविदा’ शब्द अपने आप में संयोग-वियोग, सुख-दुःख, और उतार-चढ़ाव के असंख्य भाव समेटे हुए होता है। जो निश्चित रूप से हमारे स्मृति कुंज में कहीं न कहीं एक छोटा सा घरौंदा बना बना लेता है तथा वक्त-वक्त पर उछलकूद कर अनुभूतियों को तरो-ताजा कर अपने अस्तित्व का एहसास करा जाता है।ठीक यही दशा अब सन् 2021 की चार दिनों बाद होने वाली है।अरे भई अधिक न सोच विचार करें यही प्रकृति का शाश्वत नियम है।
लेखिका –
सुषमा श्रीवास्तव
उत्तराखंड।
